वो अक्सर आता और एक ही बात करता सर मोबाईल चार्ज कर लॅूं , मै उसे ऐसा करने देता । एक दिन मैंने उससे पूछा ‘‘यार तुम मेरे यहाॅं मोबाईल चार्ज करने ही आते हो क्या’’ । उसने कहा ‘‘हां’’ मैने उससे पूछा ‘‘क्यो....... क्यो भाई कारण क्या है ।’’ वो बोला ‘‘सर.....सर हमारे यहाॅं बिजली नही है ।’’ मै आवाक रह गया । सोचने लगा इतना विकास फिर भी कुछ जगह ऐसी है जहाॅं आज भी बिजली नहीं है । मैनें उससे युं ही पूछा ’’कहाॅं रहते हो ।’’ तो मुस्कुराते हुए बोला ’’सर........सर......... भारत में ।’’ उसका वाक्य ‘‘सर भारत में’’ मेरे दिमाग को छेद कर जैसे पार हो गया। वो सही कह रहा था विकास कि हवा इंडिया में है वहाॅं तो यह हवा अभी पहुॅंच भी नही पाई जहाॅं असली भारत रहता है ।
भारत आज भी बस से उतर कर अपने गाॅंवों तक पैदल ही जाता है । अक्सर तो उसके आवागमन हेतु पक्की तो क्या कच्ची सड़के भी नही होती । भारत अपने गाॅंवों पगडंडियों पर चल कर नदी नाले पार करता हुआ पहुंचता है । ये और बात है कि जब चुनाव होते है तो कुछ लोग इन्ही नदी नालो को पार करके विकास के नाम पर वोट मांगने इस भारत के पास पहुंच ही जाते है । भारत अभी भी वही खेतों और जंगलो में मेहनत करता हुआ पाया जाता है । उधर बहुत दूर इंडिया में इसी भारत के विकास की जब योजनाएॅं बन रही होती है तो फोर लेन, मेट्रो और बुलट ट्रेन पर रूक जाती है । विकास भारत का होने की जगह इंडिया का होता जाता है ।
सुना है कि इंडिया में कही शौचालय की सुरक्षा हेतु कार्ड को चाभी का रूप दिया गया है । इससे केवल कार्डधारी व्यक्ति ही उस शौचालय का उपयोग कर सकेगा । यहाॅं भारत में आज भी सुबह-सबेरे युद्व के मैदान सा दृश्य गाॅंव के बाहर झाड़ियों में आम है । कोई इस झाड़ी के पीछे बैठा है तो कोई उस पेड़ के पीछे । एक और भारत है जो इंडिया के पैर पर पैर रखकर चलना चाहता है । वो महानगरीय झुग्गीयों में निवास करता है । वो सुबह-सुबह पेट को दबाकर सार्वजनिक शौचालय की लम्बी लाईन में अपनी बारी के आने का इंतेजार करता है । कभी बारी आती है और कभी इतनी देर हो जाती है कि उसे सार्वजनिक नल पर मजबूरी में स्नान करना पड़ता है ।
अभी-अभी टी.वी पर देखा भारत में किसी गाॅंव में लोग अपनी लड़कियाॅं नहीं ब्याहना चाहते जिसके चलते उस गाॅंव के लड़के कुंवारे रह जाते है । कारण बहुत छोटा सा है । इस गाॅंव में आज तक पानी की उपयुक्त व्यवस्था नही हो पाई है । यहाॅ के लोंग बहुत दूर से मेहनत करके पानी को घरों तक पहुंचाते है । इधर इंडिया मे एक समारोह के दौरान मंत्री जी की टेबल पर पानी की बोतल न होने के कारण एक अधिकारी को तबादला झेलना पड़ता है । न जाने कितने बांध बने, कितने तालाब और कितनी सिंचाई परियोजना लेकिन भारत आज तक प्यासा क्यो रहा । अब भारत प्यासा है तो भी क्या । चलो आपने बहुत हल्ला मचा दिया। सब को ये भी दिखा दिया कि भारत अभी भी प्यासा है । इन्हें तो ऐसी खबरों में भी राजनीति कि गंध आने लगती है । बस कुछ पार्टी के कार्यकर्ता जमा करो, पार्टी के बगैर वगैरह बनाओ और कुछ बोतल पानी लेंकर भारत के पास चलो । ध्यान रहे प्रचार जरूर करना ताकि सारा इंडिया जाने कि हमने भारत की प्यास बुझाई है किसी और पार्टी ने नही ।
ऐसा भी नही कि इंडिया में भारत नही बसता । यहाॅं भी ईमान की बात करने वाला, मेहनतकश और गरीबी मध्यम वर्ग में भारत बसता है । ये ऐसा भारत है जो अपने दिल में इंडिया बनने के सपने देखता है । उसके सपने, सपने ही रह जाते है जब उसकी झुग्गी, खेत और जमीन पर विकास के नाम पर बहु मंजिला इमारतें बनती है और वो इस विकास की आस में सड़क पर आ जाता है।
भारत आज भी उन्हीं सरकारी स्कूलो में पढ़ता है जिनमें शिक्षक, शिक्षक कम बाबू, चपरासी और बावर्ची अधिक हो गया है । भारत उन्ही शिक्षकों से पढ़ता है जिन्हें इंडिया की नजरों में नकारा माना जाता है । भारत के स्कूल में आज भी पाॅंच क्लास पढ़ाने के लिये एक ही शिक्षक कई जगह देखा जा सकता है । उसे अब वे गुरूजी नही मारते जिनके बारे में उसके पिताजी बताया करते थे कि ‘‘गुरूजी के मारने से ही मै पढ़ पाया हॅूं।’’ यहाॅं इंडिया में पहली कक्षा से भी पूर्व की कक्षा में प्रवेश हेतु इतना पैसा लोग देने को तैयार है जितनी भारत की शायद वार्षिक आय भी न हो ।
भारत को देखना हो तो आपको आम रेलवे स्टेशनों पर पुड़ी-सब्जी खरीदता हुआ मिल जाएगा । वो ट्रेन आने के पहले वहां खड़ा होगा जहाॅं सामान्य डिब्बा आकर रूकता है । फिर उस डिब्बे में कितनी भी भीड़ हो तो उसमें सवार अवश्य होगा । यहाॅ सामान रखने की जगह से लेकर सीट के नीचे तक सब जगह आपको भारत अपनी जगह लेता दिखेगा । आवश्यकता हो तो शौचालय के अंदर और ट्रेनो की छत पर भी सफर करने में उसे कठिनाई नही होती । वो देखिये चार कुलियों से सामान उठवाकर ए.सी.डिब्बे के सामने आराम से इंडिया खड़ा है । इंडिया को और अधिक देखना हो तो हवाई अड्डो पर जरूर घूम आईये ।
तीज त्यौहारों और उत्सव, मेलो में घर पर मन मसौस कर या खोमचो के ठेले लगाता भारत । वहीं बिना कीमत देखे बेशुमार खरीदी करता इण्डिया । जाति, धर्म और मतो के नाम पर सड़को पर उतरता भारत । भारत दंगो और हिंसक घटनाओं में दम तोड रहा होता है तब इण्डिया अपनी अगली योजनाओं को अंजाम देने में लगा होता है । वैसे इण्डिया हमेशा ही भारत को सिखाने में लगा रहता है । इण्डिया उस भारत को जीवन जीने का तरीका, रहने, उठने, बैठने और बात करने का तरीका सिखाना चाहता है जो अपने खास अंदाज में यह सब करता है । दोनों एक दूसरे के दुश्मन तो नही है परंतु भारत को अक्सर लगता है इण्डिया ने उसका हक मारा है । पर इण्डिया को ऐसा लगता है कि उसके पास आज भी वे सुविधाएॅं नही है जिसका वो हकदार है ।
न जाने ये दोनों तब साथ चलेंगे न जाने कब भारत तक मूलभूत सुविधा और इंडिया को सभी सुविधाएॅं प्राप्त होगी यदि इण्डिया भारत का हाथ बिना किसी लोभ, लालच और लालसा के थाम ले तो समझ लीजिये प्रगति का सूर्य उदय हो गया ।
आलोक मिश्रा
No comments:
Post a Comment